31.3 C
Kolkata
Thursday, June 11, 2026

टायरों में छिपाकर ले जाई जा रही 1530 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, तस्कर गिरफ्तार

सीवान। उत्पाद विभाग ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुठनी चेक पोस्ट से 1530 लीटर कोडीन फॉस्फेट युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद की है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।

टायरों के भीतर छिपाकर ले जाई जा रही थी खेप

गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने गुठनी थाना क्षेत्र स्थित चेक पोस्ट पर गुजरात नंबर के एक डीसीएम ट्रक की जांच की। जांच के दौरान चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में ट्रक में रखे टायरों के भीतर छिपाकर रखी गई 1530 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद हुई।

विभाग के अनुसार जब्त कफ सिरप का उपयोग नशे के लिए किया जाता है और यह एनडीपीएस एक्ट के तहत नियंत्रित पदार्थ है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 4.59 लाख रुपये बताई गई है।

पूछताछ में सामने आया तस्करी नेटवर्क

गिरफ्तार तस्कर की पहचान गुजरात के अहमदाबाद निवासी दिलीप कुमार पांडेय के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि खेप गुजरात से पूर्णिया भेजी जा रही थी और इसकी डिलीवरी एक मेडिकल एजेंसी को दी जानी थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह पहले भी इस तरह की तस्करी में शामिल रहा है।

उत्पाद विभाग को पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं। अधिकारियों का कहना है कि खेप के मालिक और अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है तथा पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए आगे की कार्रवाई जारी है।

अन्य आरोपितों की तलाश जारी

उत्पाद अधीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी और जांच की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख