36.4 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

सारण । वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो चोरी की मोटरसाइकिलें, तीन मोबाइल फोन तथा चोरी की बाइकों के पांच चेसिस और कटे हुए पुर्जे बरामद किए गए हैं।

बाइक चोरी की योजना बनाते पकड़े गए आरोपी

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नगरा चौक पर कुछ अपराधी बाइक चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि बाइक खैरा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

कबाड़ी दुकानदारों की भी हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने खैरा और जलालपुर थाना क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान चोरी की गाड़ियों के पुर्जे और चेसिस खरीदने वाले दो कबाड़ी दुकानदारों को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि गिरोह विभिन्न इलाकों से बाइक चोरी कर उनके पुर्जे अलग-अलग कबाड़खानों में बेचता था।

पुलिस ने इस मामले में नगरा थाना कांड संख्या-95/26 दर्ज कर रवि कुमार, शशि कुमार, महेश कुमार महतो, मो. अफताब और मो. मुस्तफा आलम को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में नगरा, खैरा और जलालपुर थाना की पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

नवीनतम लेख