36.4 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

सीट कटौती पर अभाविप और आजसू का प्रदर्शन, जेएस कॉलेज में तालाबंदी

पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के जनता शिवरात्रि महाविद्यालय में कई विषयों में सीट कटौती को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) और आजसू छात्र संघ ने बुधवार को प्रदर्शन करते हुए तालाबंदी कर दी। महाविद्यालय के गेट पर धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान छात्रों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्राचार्य को भी बाहर बैठा दिया। रजिस्ट्रार से प्राचार्य ने वार्ता कर छात्रों को आश्वस्त करने का प्रयास किया, मगर छात्र लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे।

24 घंटे की चेतावनी के बाद मुख्य द्वार पर जड़ा ताला

उल्लेखनीय है कि अभाविप और आजसू छात्र संघ सहित अन्य छात्र संगठनों ने दो दिनों पूर्व प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर स्नातक नामांकन में सीट कटौती वापस लेने, क्लस्टर सिस्टम पर रोक लगाने और सभी विषयों में 20 प्रतिशत अतिरिक्त सीटें बढ़ाने की मांग की थी। साथ ही 24 घंटे के अंदर कार्रवाई की चेतावनी दी थी। जब समय बीतने के बाद भी प्रशासन की ओर से कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तब कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी। तालाबंदी के कारण महाविद्यालय में छात्रों का आना-जाना भी प्रभावित हुआ।

प्रशासन पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप

मौके पर अभाविप के प्रदेश सह मंत्री अभय वर्मा ने चेतावनी दी कि यदि अभी भी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उत्कर्ष तिवारी ने कहा कि प्रशासन छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा है। हमारी मांगें जायज हैं, लेकिन प्रशासन ने उन्हें नजरअंदाज कर दिया। आजसू के प्रदेश वरीय उपाध्यक्ष अभिषेक राज ने कहा कि शिक्षा के अधिकार के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीट कटौती का निर्णय छात्र विरोधी है और इससे गरीब एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों का उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना टूट जाएगा।

मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

विश्वविद्यालय प्रभारी राणा हिमांशु सिंह ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन को पूर्व में भी ज्ञापन सौंपकर सीटों को पूर्ववत रखने की मांग की गई थी, लेकिन प्रशासन ने छात्रों की मांगों की लगातार उपेक्षा की। विवश होकर छात्रों को आंदोलन एवं तालाबंदी का रास्ता अपनाना पड़ा। जेएस कॉलेज अध्यक्ष अक्षत सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अविलंब सीट कटौती के निर्णय को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। मौके पर मुख्य रूप से नगर सह मंत्री गगन सिंह, अमन पांडे, दिवाकर शुक्ला, अभय पांडे, मणि पाठक समेत कई छात्र उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख