31.1 C
Kolkata
Tuesday, June 9, 2026

साधु के वेश में ठगी करने वाले तीन शातिर अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए सोने के जेवर

हजारीबाग । जिले के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र के हुरहुरू में एक महिला से साधु के भेष में सोने के जेवर ठगकर फरार हुए तीन शातिर अपराधियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए अपराधियों के पास से ठगे गए सोने के आभूषण और अन्य सामान भी सकुशल बरामद कर लिए हैं।

रोहतास के रहने वाले हैं तीनों ठग

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के रहने वाले मलेट्री लाठौर, अखिलेश लाठौर और तितई लाठौर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी भेष बदलकर सीधे-साधे लोगों को अपनी बातों में फंसाते थे और फिर ठगी की घटना को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते थे।

धार्मिक बातों में उलझाकर महिला से ठगा था ‘जीतिया’

हजारीबाग सदर के एसडीपीओ (SDPO) रूपक कुमार सिंह ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 08 जून को हुरहुरू निवासी गुड़िया देवी के पति ने पुलिस को एक लिखित सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि तीन व्यक्ति साधु के वेश में उनके घर आए और धार्मिक व आध्यात्मिक बातों में उलझाकर उनकी पत्नी से सोने का जेवर (जीतिया) ठगकर फरार हो गए।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने अस्पताल के पास की घेराबंदी

ठगी की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद उनके निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मामले की बारीकी से जांच की और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि तीनों संदिग्ध साधु एक ऑटो में सवार होकर शहर से भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्षितिज अस्पताल के पास घेराबंदी की और तीनों को दबोच लिया।

तलाशी में मिले ठगे गए आभूषण और लॉकेट

पुलिस टीम द्वारा की गई कड़ी पूछताछ में जब आरोपियों के जवाब संदिग्ध पाए गए, तो उनकी सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके पास से गुड़िया देवी से ठगा गया सोने का जीतिया, मोती लगी माला और सोने जैसे दिखने वाले सात छोटे-छोटे लॉकेट बरामद हुए। साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Related Articles

नवीनतम लेख