29.4 C
Kolkata
Saturday, June 6, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस पर भाजपा ने चलाया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, नेताओं ने किया पौधारोपण

रांची । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को पूरे झारखंड में व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर संचालित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से लेकर सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों ने विभिन्न जिलों और मंडलों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अभियान की शुरुआत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची पूर्वी जिला के ओरमांझी प्रखंड स्थित कुच्चू मंडल के सरस्वती शिशु मंदिर कुल्ही परिसर में बूथ संख्या-22 पर पौधारोपण कर की। वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची महानगर के गोंदा मंडल अंतर्गत रॉक गार्डन परिसर में पौधा लगाकर अभियान में सहभागिता की।

इसके अलावा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने रांची महानगर के हरमू मंडल में बूथ संख्या-307 पर पौधारोपण किया। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने खूंटी के कर्रा और रांची ग्रामीण पूर्वी के गेतलसूद में पौधे लगाए। पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जगन्नाथपुर मंडल, चंपई सोरेन ने सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया, मधु कोड़ा ने पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर तथा केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने रांची के हटिया क्षेत्र में पौधारोपण किया।

इसी क्रम में रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने पंडरा, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने हरमू, अभयकांत प्रसाद ने दुमका के बासुकीनाथ, रविंद्र राय ने हरमू तथा यदुनाथ पांडेय ने अपर बाजार मंडल क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

पार्टी के अनुसार, अभियान के तहत सभी सांसदों, विधायकों, जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में पौधे लगाकर हरित और स्वच्छ पर्यावरण के प्रति जनजागरण का प्रयास किया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और सतत जीवनशैली को जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और हरित भविष्य आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। मरांडी ने लोगों से अपनी मां के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण के प्रतीक के रूप में कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की।

संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और मातृ सम्मान की भावना का अनूठा संगम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ यह अभियान आज देशव्यापी जनआंदोलन का रूप ले चुका है और इसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से भाजपा ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और जनभागीदारी के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया।

Related Articles

नवीनतम लेख