भागलपुर| बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रेल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नवगछिया कटिहार-बरौनी रेलखंड पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी नवगछिया की संयुक्त टीम ने नवगछिया रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक पैसेंजर ट्रेन से भारी मात्रा में लावारिस अंग्रेजी शराब बरामद की है।
जीआरपी नवगछिया के थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बुधवार को इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा बल ट्रेनों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सघन तलाशी अभियान चला रहे थे। इसी दौरान ट्रेन संख्या 63308 मेमो (MEMU) पैसेंजर की कड़ाई से जांच की गई।
जांच के दौरान ट्रेन के शौचालय (टॉयलेट) के पास संदिग्ध अवस्था में रखा एक पिट्ठू बैग और एक सफेद रंग का प्लास्टिक का बोरा मिला। जब पुलिसकर्मियों ने उसे खोलकर देखा, तो उसमें विदेशी शराब भरी हुई थी। बरामद सामान से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की कुल 37 बोतलें निकाली गईं, जिनमें 750 एमएल की 29 बोतलें और 500 एमएल की 8 बोतलें शामिल थीं। पुलिस ने कुल 25.750 लीटर अंग्रेजी शराब को जब्त कर लिया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि जिस समय यह बरामदगी हुई, उसके आसपास कोई भी संदिग्ध व्यक्ति मौजूद नहीं था और न ही किसी ने इस सामान पर अपना दावा किया, जिसके कारण इसे लावारिस मानकर अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि ट्रेनों के जरिए शराब या किसी भी तरह के सूखे नशे की तस्करी करने वाले गिरोहों पर सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है और जल्द ही इस रैकेट से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
