26.5 C
Kolkata
Thursday, June 11, 2026

भागलपुर स्टेशन पहुंचे एडीआरएम रफीक अहमद: होल्डिंग एरिया के निर्माण स्थल का लिया जायजा, बंद लगेज स्कैनर को ठीक करने का निर्देश

भागलपुर| मालदा डिवीजन के एडीआरएम (ADRM) रफीक अहमद अंसारी ने बुधवार को भागलपुर रेलवे स्टेशन का व्यापक औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावित ‘स्थायी होल्डिंग एरिया’ के निर्माण स्थल का बारीकी से जायजा लिया और स्थानीय रेल अधिकारियों के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की।

निरीक्षण के क्रम में एडीआरएम ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया का रुख किया, जहां नए होल्डिंग एरिया का निर्माण होना है। उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और अधिकारियों से इस होल्डिंग एरिया की तय सीमा, डिजाइन और निर्माण की पूरी रूपरेखा की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन परिसर में यात्री सुविधाओं को अपग्रेड करने और ट्रेनों के सुचारू परिचालन से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं की जांच की।

इसके बाद एडीआरएम ने रेलवे पार्सल घर का भी रुख किया, जहां बाहरी क्षेत्रों से आने-जाने वाली पार्सल सामग्रियों की माप और सुरक्षा जांच के बाद उन्हें ट्रेनों में लोड किया जाता है। प्लेटफॉर्म पर बिखरे सामानों को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को पार्सल के सामान व्यवस्थित ढंग से रखने की कड़ी हिदायत दी।

स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था को परखते हुए एडीआरएम ने वहां लंबे समय से बंद पड़े लगेज स्कैनर (सामान जांच मशीन) का भी जायजा लिया। उन्होंने इसे यात्रियों की सुरक्षा के लिए एक गंभीर चूक माना और संबंधित तकनीकी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से लगेज स्कैनर को दुरुस्त कर चालू करने का कड़ा निर्देश दिया। इस निरीक्षण के दौरान सीएमआई (चेकिंग), आरपीएफ इंस्पेक्टर सहित मालदा डिवीजन और भागलपुर स्टेशन के कई वरिष्ठ रेल अधिकारी व सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख