40.1 C
Kolkata
Wednesday, June 3, 2026

विश्व साइकिल दिवस पर मारवाड़ी युवा मंच ने निकाली साइकिल रैली: ‘तेल बचाओ-साइकिल अपनाओ’ के नारों से गूंजा नवगछिया

भागलपुर| विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर बुधवार को मारवाड़ी युवा मंच (नवगछिया शाखा) द्वारा साइकिल के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के संदेश के साथ एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्घाटन बाल भारती विद्यालय के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, शाखा अध्यक्ष चेतन कुमार मुनका, मंच के संरक्षक अभय प्रकाश मुनका, नरेश केडिया, प्रवीण केजरीवाल और पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष सुभाष चंद्र वर्मा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

गौशाला रोड स्थित बाल भारती विद्यालय से शुरू हुई इस रैली के दौरान अतिथियों ने साइकिल के महत्व पर प्रकाश डाला। अजय रुंगटा ने कहा कि साइकिल केवल परिवहन का साधन नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा माध्यम है। वहीं, संरक्षक नरेश केडिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का जिक्र करते हुए कहा कि देश में कच्चे तेल के आयात और विदेशी मुद्रा की निर्भरता को कम करने के लिए तेल की खपत घटाना जरूरी है, जिसमें छोटी दूरियों के लिए साइकिल सबसे बेहतरीन विकल्प है।

शाखा अध्यक्ष चेतन मुनका ने साइकिल चलाने के स्वास्थ्य लाभ गिनाते हुए कहा कि इसका नियमित उपयोग हृदय रोगों के खतरे को कम करता है, मानसिक स्वास्थ्य को सुधारता है और प्रदूषण रहित होने के कारण कार्बन उत्सर्जन घटाने में मदद करता है। ‘युवा शक्ति राष्ट्र शक्ति’ और ‘तेल बचाओ – साइकिल अपनाओ’ के गगनभेदी नारों के साथ यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों जैसे महाराज जी चौक, हरिया पट्टी, भगत मोहल्ला होते हुए नवगछिया स्टेशन परिसर पहुंची। इसके बाद माल गोदाम, मारवाड़ी विवाह भवन और गरीबदास ठाकुरबारी रोड से गुजरते हुए वापस बाल भारती विद्यालय पर संपन्न हुई।

रैली की समाप्ति पर मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों द्वारा सभी प्रतिभागियों के बीच शीतल पेय, जूस और बिस्कुट का वितरण किया गया। इस आयोजन में नवगछिया के युवाओं, विद्यार्थियों और प्रबुद्धजनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोगी संस्था बाल भारती के संजय चिरानीयां, शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार, मंच के उपाध्यक्ष सौरभ गर्ग, उपकोषाध्यक्ष ओम यादुका और वरिष्ठ सदस्य गोविन्द केडिया सहित कई कार्यकर्ताओं का सराहनीय योगदान रहा।

 

Related Articles

नवीनतम लेख