29 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

श्रावणी मेला 2026: श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम जलार्पण कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता – मंत्री सुदिव्य कुमार

देवघर| विश्व प्रसिद्ध आगामी श्रावणी मेला 2026 के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए राज्य सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में सोमवार को सूबे के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू देवघर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय सर्किट हाउस में देवघर और दुमका जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में देवघर विधायक सुरेश पासवान, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह और जिला परिषद अध्यक्ष किरण कुमारी सहित दोनों जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक के दौरान मंत्री ने मेले की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए पर्यटन मंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान बाबा नगरी आने वाले कांवरियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुलभ जलार्पण कराना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके मद्देनजर श्रद्धालुओं के ठहरने की उत्तम व्यवस्था, चाक-चौबंद स्वास्थ्य सेवाएं, शौचालय, शुद्ध पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछली बैठक के अनुभवों के आधार पर एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया गया है, जिसके तहत लगभग 90 प्रतिशत प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और अब केवल कुछ औपचारिक अनुपालन (कम्प्लायंस) के कार्य ही शेष बचे हैं।

मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सुरक्षा और समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि इस बार विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल बिठाया जा रहा है। पिछले वर्ष देवघर-बासुकीनाथ मार्ग पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना से सबक लेते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो। इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) और रेलवे विभाग के साथ भी समन्वय स्थापित किया गया है और उन्होंने समय पर कार्य पूरा करने का भरोसा दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों जिला प्रशासनों से बजट और संसाधनों की मांग सूची मिल चुकी है, जिसे रांची में संबंधित विभागों के साथ बैठक कर जल्द ही राशि आवंटित कर दिया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख