34 C
Kolkata
Sunday, May 31, 2026

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने रांची की एथलेटिक्स प्रतियोगिता का किया उल्लेख, बाबूलाल मरांडी ने बताया प्रेरणादायी

रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसारित अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड की शुरुआत झारखंड की राजधानी रांची से की। उन्होंने हाल ही में रांची में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का उल्लेख करते हुए 100 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले एथलीटों की सराहना की। प्रधानमंत्री के इस उल्लेख से राज्य के खेल प्रेमियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि रांची में आयोजित राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में महज दो दिनों के भीतर 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा, जो भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने एथलीट गुरिंदर और अनिमेष के प्रदर्शन की विशेष प्रशंसा की तथा दोनों खिलाड़ियों से सीधा संवाद भी किया।

बातचीत के दौरान गुरिंदर ने अपनी सफलता के पीछे संघर्ष और मेहनत की कहानी साझा करते हुए कहा कि जीवन में कठिनाइयां जरूर आती हैं, लेकिन बड़े सपने देखना और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करना जरूरी है। वहीं अनिमेष ने कहा कि शुरुआत में एथलेटिक्स को करियर के रूप में चुनने को लेकर संकोच था, लेकिन अब उन्हें विश्वास है कि भारतीय धावक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नए कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं।

दोनों खिलाड़ियों ने बताया कि उनका चयन आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए हो चुका है। उन्होंने कहा कि वे मैदान के बाहर अच्छे मित्र हैं, जबकि ट्रैक पर एक-दूसरे के प्रतिस्पर्धी। दोनों खिलाड़ी लगातार एक-दूसरे को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इस स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इधर, भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।

कार्यक्रम के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक संवाद कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को प्रेरित करने वाला मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि रांची की एथलेटिक्स उपलब्धि, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक विशेषताएं, पर्यावरण संरक्षण, डॉल्फिन बचाव अभियान और सैनिकों के सम्मान में किए गए प्रयास जैसी कहानियां लोगों में राष्ट्रसेवा और सकारात्मक सोच का संदेश देती हैं।

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर पूछे गए सवाल पर बाबूलाल मरांडी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना से भाजपा का कोई संबंध नहीं है।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित रांची दौरे को लेकर मरांडी ने कहा कि यह कार्यक्रम पहले से तय है और इसका राज्यसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि चुनाव को लेकर पार्टी स्तर पर चर्चा चल रही है और अंतिम निर्णय केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख