नई दिल्ली। रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के प्रेसिडेंट एवं मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) रजनीश जैन की नई पुस्तक ‘Quiet Excellence: 52 Reflections on Work, Faith and What Truly Matters’ का रविवार को इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (आईआईसी) में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान विमोचन किया गया। इस अवसर पर उद्योग, शिक्षा, प्रशासन और सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं।
ओम बुक्स इंटरनेशनल द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक जीवन, नेतृत्व, विश्वास और दैनिक अनुभवों से जुड़ी 52 प्रेरक सीखों और विचारों का संग्रह है। पुस्तक में यह संदेश दिया गया है कि जीवन और पेशेवर सफलता केवल बड़े निर्णयों से नहीं, बल्कि छोटी आदतों, मानवीय संवेदनाओं और मजबूत मूल्यों से भी निर्मित होती है।
पुस्तक विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए रजनीश जैन ने कहा कि भारतीय समाज सदैव एक गहरी सामूहिक चेतना से प्रेरित रहा है। यही चेतना व्यक्ति को महत्वाकांक्षा और विनम्रता, कर्म और चिंतन तथा सफलता और सार्थकता के बीच संतुलन स्थापित करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि यदि उनकी पुस्तक इस सामूहिक चेतना का एक छोटा हिस्सा भी बन सके, तो वे अपने प्रयास को सफल मानेंगे।
उन्होंने बताया कि क्वाइट एक्सीलेंस केवल पढ़ने के लिए नहीं, बल्कि जीवन में अपनाने योग्य विचारों का संग्रह है। पुस्तक में शामिल अनुभव और सीख पाठकों को अपने कार्य, सोच और रिश्तों को नए दृष्टिकोण से समझने के लिए प्रेरित करती हैं।
पुस्तक में आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर का विशेष संदेश भी शामिल है। इसके अलावा कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों के विचारों को भी स्थान दिया गया है, जिनमें आत्मचिंतन, जागरूकता, जीवन मूल्यों और संतुलित जीवनशैली के महत्व पर प्रकाश डाला गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दीपक वोहरा उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व मुख्य सचिव नरेश कुमार, ब्रह्माकुमारीज़ की बीके आशा दीदी, ICMAI के अध्यक्ष सीएमए टीसीए श्रीनिवास प्रसाद और HFCL के प्रबंध निदेशक महेंद्र नाहटा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में प्रभावी नेतृत्व केवल उपलब्धियों से नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, नैतिक मूल्यों और समाज के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से भी परिभाषित होता है। उन्होंने कहा कि क्वाइट एक्सीलेंस इन्हीं विचारों को सरल भाषा और वास्तविक अनुभवों के माध्यम से पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती है।
