29 C
Kolkata
Tuesday, June 2, 2026

सात दिनों से अंधेरे में पुरुनियाँ गांव: बिजली बहाली की मांग को लेकर सड़क पर उतरे आक्रोशित ग्रामीण

पश्चिमी सिंहभूम| पश्चिम सिंहभूम जिले के खुंटपानी प्रखंड अंतर्गत पुरुनियाँ गांव में पिछले एक हफ्ते से बिजली गुल है। आंधी-तूफान के कारण ठप हुई बिजली आपूर्ति सात दिन बीत जाने के बाद भी बहाल नहीं हो सकी है। इस गंभीर बिजली संकट से नाराज और परेशान ग्रामीणों का सब्र सोमवार को टूट गया, जिसके बाद उन्होंने सड़क पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

पढ़ाई ठप, सांप-बिच्छू का बढ़ा डर

ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को साझा करते हुए कहा कि बिजली न होने का सबसे बुरा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। रात के अंधेरे में छात्र-छात्राएं पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा, गर्मी के मौसम में शाम ढलते ही गांव में सांप, बिच्छू और अन्य विषैले जीवों का खतरा बेहद बढ़ गया है, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल है।

प्रखंड प्रमुख ने लिया संज्ञान, अधिकारियों को दिए निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने अपनी समस्या खुंटपानी प्रखंड प्रमुख सिद्धार्थ होनहागा के समक्ष रखी। शिकायत मिलते ही प्रखंड प्रमुख ने तुरंत बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया और उन्हें क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था की मरम्मत कर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का कड़ा निर्देश दिया।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव को अंधेरे से मुक्ति नहीं मिली, तो वे आगे और भी उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। फिलहाल, ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रखंड प्रमुख की पहल के बाद विभाग नींद से जागेगा और जल्द ही बिजली सेवा बहाल होगी।

Related Articles

नवीनतम लेख