भागलपुर| भागलपुर प्रमंडल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इतिहास में शनिवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। भाजपा की तेजतर्रार महिला नेत्री और वर्तमान प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रीति शेखर को पार्टी का नया प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया गया है। भागलपुर प्रमंडल के इतिहास में यह पहला मौका है जब किसी महिला नेत्री को इतने बड़े और महत्वपूर्ण सांगठनिक पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस घोषणा के बाद से ही पूरे भागलपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
बधाई देने वालों का लगा तांता, कार्यकर्ताओं ने खिलाई मिठाई
डॉ. प्रीति शेखर के प्रदेश महामंत्री बनने की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके आवास पर उमड़ पड़ा। उत्साहित पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारी लगातार उन्हें फूल-माला पहनाकर, गुलदस्ता (बुके) भेंट कर और मिठाई खिलाकर बधाई दे रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि डॉ. प्रीति शेखर को यह बड़ी जिम्मेदारी मिलने से न केवल भागलपुर बल्कि पूरे प्रमंडल में संगठन को एक नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। इस दौरान समर्थकों ने पार्टी के प्रति उनके समर्पण और पुराने संघर्षों की जमकर सराहना की।
शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार, संगठन को और मजबूत करने का संकल्प
इतनी बड़ी सांगठनिक जिम्मेदारी मिलने के बाद डॉ. प्रीति शेखर ने भाजपा के केंद्रीय और प्रदेश शीर्ष नेतृत्व के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरी उतरेंगी। उन्होंने संकल्प दोहराया कि वे आने वाले समय में कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत, सक्रिय और व्यापक बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करेंगी।
