उत्तरकाशी । उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद अंतर्गत गंगनानी-भटवाड़ी मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक अनियंत्रित स्विफ्ट कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीमों ने रात के घने अंधेरे और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।
नागपुर के दंपती ने गंवाई जान, ओडिशा और पंजाब के लोग घायल
स्थानीय पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतक आपस में पति-पत्नी थे, जिनकी पहचान दामोदर हरीराम जी रामटेककर (77 वर्ष) और लक्ष्मी दामोदर रामटेककर (67 वर्ष) के रूप में हुई है। यह बुजुर्ग दंपती महाराष्ट्र के नागपुर के रहने वाले थे। वहीं, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने वाले तीन अन्य लोगों में भुवनेश्वर (ओडिशा) निवासी विमल कुमार प्रधान (61 वर्ष), उपासना प्रधान (54 वर्ष) और पंजाब निवासी यशवीर (35 वर्ष) शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसडीआरएफ ने रात के अंधेरे में चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
जिला नियंत्रण कक्ष (DCR) उत्तरकाशी से सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट भटवाड़ी के उपनिरीक्षक गब्बर सिंह और पोस्ट उजेली की टीम आरक्षी शक्ति सिंह के नेतृत्व में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। जवानों ने जान की परवाह न करते हुए गहरी खाई में उतरकर सबसे पहले तीनों घायलों को निकाला और प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल भिजवाया। इसके बाद दोनों मृतकों के शवों को मुख्य सड़क तक लाकर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
