रांची । रांची सहित रांची रेल मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए रैम्प निर्माण की पहल की गई है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। यह निर्णय विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं महिला यात्रियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा। दक्षिण पूर्व रेलवे के ज़ेडआरयूसीसी (जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी) सदस्य अरुण जोशी ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि वे लगातार इस विषय को जोनल मीटिंग में उठाते रहे हैं कि दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी स्टेशनों पर यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रैम्प का निर्माण किया जाए।
प्लेटफॉर्म बदलने में यात्रियों को नहीं होगी कठिनाई
अरुण जोशी ने बताया कि कई बार यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और मरीजों को भारी सामान के साथ एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए स्टेशनों पर रैम्प की यह पहल अत्यंत आवश्यक और समयोचित थी। उन्होंने दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम), रांची के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) और रेलवे प्रशासन के अन्य सभी वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम यात्री सुविधाओं को आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
सभी स्टेशनों पर जल्द योजना लागू करने की मांग
ज़ेडआरयूसीसी सदस्य ने रेलवे प्रबंधन से यह भी मांग की है कि इस जनहितैषी योजना को जल्द से जल्द मंडल के सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर धरातल पर लागू किया जाए, ताकि हर क्षेत्र के यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी रेलवे प्रशासन यात्री हितों और उनकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे जनहितकारी और सुधारात्मक निर्णय लेता रहेगा।
