35 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

जेपी अस्पताल में एएनएम अभ्यर्थियों का रातभर धरना, कोर्ट से जीत के बाद भी जॉइनिंग न मिलने से भारी आक्रोश

भीषण गर्मी और खुले आसमान के नीचे डटी रहीं महिला अभ्यर्थी; प्रशासन ने तैनात किया पुलिस बल

भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के तुलसी नगर स्थित जयप्रकाश (जेपी) अस्पताल परिसर में एएनएम (ANM) अभ्यर्थियों का आंदोलन अब बेहद उग्र रूप ले चुका है। मंगलवार को दिनभर प्रदर्शन करने के बाद भी करीब 20 से 25 महिला अभ्यर्थी रातभर खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठी रहीं। कड़कड़ाती गर्मी के बीच रातभर जारी रहे इस प्रदर्शन ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है, जिसके चलते अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

कोर्ट का आदेश फिर भी नियुक्ति अधर में
प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2023 में एएनएम के नियमित पदों के लिए आवेदन किया था। भर्ती प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ वे कोर्ट गईं, जहाँ अदालत ने फैसला उनके पक्ष में सुनाया। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग उन्हें नियुक्ति (जॉइनिंग) नहीं दे रहा है। धरने में शामिल अभ्यर्थी ममता हिरवे ने बताया कि वे पहले भी 9 दिनों का आमरण अनशन कर चुकी हैं। तब अधिकारियों ने जल्द जॉइनिंग का भरोसा दिया था, लेकिन 9 महीने बीतने के बाद भी स्थिति जस की तस है।

“सिर्फ आश्वासन मिल रहा, हक नहीं”
आंदोलनकारी महिलाओं ने स्वास्थ्य विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा विभाग द्वारा जारी की जा रही सूचियों में बार-बार उन्हीं अभ्यर्थियों के नाम दोहराए जा रहे हैं जिनकी जॉइनिंग पहले ही हो चुकी है। वर्षों से संविदा पर काम कर रहीं और कोविड काल में अपनी जान जोखिम में डालकर सेवाएं देने वाली महिलाओं को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है। अदालत के आदेशों की अनदेखी करके उन्हें सिर्फ “आश्वासन का लॉलीपॉप” दिया जा रहा है, जिससे तंग आकर अब वे आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं।

प्रशासन पर बढ़ा दबाव: अपनी नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर अड़ीं महिलाओं के इस कदम से स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन बैकफुट पर है। अधिकारियों की तरफ से अब तक कोई ठोस समाधान न मिलने के कारण आने वाले दिनों में यह आंदोलन और भी बड़ा रूप ले सकता है।

Related Articles

नवीनतम लेख