29 C
Kolkata
Wednesday, May 20, 2026

जीजा ने साली पर चाकुओं से किया ताबड़तोड़ हमला, हालत बेहद गंभीर

बहराइच । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ रानीपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान जीजा ने अपनी ही सगी साली पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में युवती लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। गंभीर हालत में उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए लखनऊ हायर सेंटर रेफर कर दिया है। इस घटना से शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।

शादी की खुशियों के बीच अचानक पहुंचा जीजा
मिली जानकारी के मुताबिक, पयागपुर थाना क्षेत्र के टेर्रे गाँव की रहने वाली अमीना अपने फूफा के घर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने रानीपुर इलाके के एक गाँव आई हुई थी। पूरा परिवार शादी की खुशियों में डूबा हुआ था। इसी बीच देर शाम अचानक अमीना का जीजा वहाँ पहुंचा। उसने पहले तो परिवार के अन्य लोगों से सामान्य बातचीत की और फिर अचानक अपनी साली अमीना को निशाना बनाकर उस पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।

चीख-पुकार के बीच फरार हुआ आरोपी
अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते और आरोपी को पकड़ते, वह वारदात को अंजाम देकर वहाँ से भाग निकला। खून से लथपथ अमीना को परिजन तुरंत बहराइच मेडिकल कॉलेज लेकर भागे, लेकिन शरीर पर गहरे जख्म होने और अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उसे तुरंत लखनऊ रेफर कर दिया, जहाँ वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश तेज
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और हर कोई इस बात से हैरान है कि आखिर जीजा ने इस खौफनाक कदम को क्यों अंजाम दिया।

थानाध्यक्ष रानीपुर हरेंद्र मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी जीजा के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं, जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख