औरैया । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में नेशनल हाईवे-19 पर सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के लालपुर ओवरब्रिज के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली हाईवे पर ही पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आधी रात को हाईवे पर चीख-पुकार मच गई।
शोकसभा में शामिल होने जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के मुताबिक, अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़ चंद्रपुरा के रहने वाले ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर अयाना थाना क्षेत्र के ग्राम तिवरलालपुर जा रहे थे। गाँव के ही तिलक सिंह के दामाद साकेत के असामयिक निधन पर आयोजित शोकसभा में शामिल होने के लिए सभी लोग रात को निकले थे, लेकिन गंतव्य तक पहुँचने से पहले ही काल ने उन्हें रास्ते में घेर लिया।
ट्रॉली के नीचे दब गए लोग, मची चीख-पुकार
पुलिस अधीक्षक (SP) अभिषेक भारती ने घटना की जानकारी देते हुए बताया “हादसा रात करीब 1:30 बजे हुआ। ट्रक की टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार कई लोग गाड़ी के नीचे दब गए। इस हादसे में उर्मिला (45 वर्ष) पत्नी सुघर सिंह और रामशंकर (70 वर्ष) पुत्र मेवालाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।”
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की खबर मिलते ही सीओ मनोज गंगवार, अजीतमल कोतवाली पुलिस, डायल-112, फायर ब्रिगेड और अनंतराम टोल प्लाजा की पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला और तुरंत एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में 13 घायलों का इलाज जारी
इस भीषण हादसे में कुल 13 लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। घायलों में मोहर श्री, उदयवीर, सुघर सिंह, पिंकी देवी, सूरजमुखी, सुषमा देवी, श्याम सुंदर, खुशबू, मिथिलेश, उषा देवी, मीरा देवी, संतकुमार और ट्रैक्टर चालक मोहित सिंह शामिल हैं। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
क्रेन से हटाए गए वाहन, हाईवे पर यातायात सुचारू
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर कुछ देर के लिए गाड़ियों का आवागमन प्रभावित हुआ था, लेकिन पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को रास्ते से हटाकर यातायात को पूरी तरह सुचारू करा दिया है। टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक की तलाश की जा रही है।

