रांची। राजधानी के कोकर खोरहाटोली इलाके से लापता 18 महीने की मासूम अदिति पांडेय का मंगलवार को बहते नाले में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अवशेष को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के बीच इस बात की भी आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह अवशेष कोकर इलाके से लापता हुई मासूम अदिति का तो नहीं है। घटना के बाद मौके पर अफवाहों का दौर भी तेज रहा। कोई इसे लापता बच्ची के मामले से जोड़ रहा है तो कोई दूसरी आशंकाएं जता रहा है। पुलिस ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास नहीं करने की अपील की है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि बिना जांच रिपोर्ट के किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। प्रारंभिक तौर पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद अवशेष किसी इंसान का है या किसी जानवर का। इसके लिए वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया अपनाई जा रही है, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।
NDRF ने खंगाले नाले, CCTV ने उलझाई गुत्थी : बच्ची के घर के पास से गुजरने वाले गहरे नाले में NDRF की टीम ने सोमवार के बाद मंगलवार को भी सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। नामकुम पुल तक करीब डेढ़ किलोमीटर के दायरे में टीम ने तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, घर के पास लगे सीसीटीवी में अदिति शनिवार दोपहर करीब 3 बजे घर के अंदर जाती तो दिख रही है, लेकिन वह घर से बाहर निकलते हुए कहीं नजर नहीं आई। मोहल्ले के अन्य कैमरों में भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला है।
परिजनों के साथ साइबर ठगी: मजबूरी का उठाया लाभ : बेटी के गम में डूबे माता-पिता को साइबर अपराधियों ने अपना निशाना बनाया। ठगों ने पिता मनीष पांडेय को फोन कर दावा किया कि उन्हें बच्ची की जानकारी है। झांसे में आकर बच्ची की मां अंकिता पांडेय ने अपराधियों को 4,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद अपराधी और पैसों की मांग करने लगे। पुलिस ने हस्तक्षेप कर परिजनों को आगे पैसे देने से रोका।
पुलिस की घोषणा: सुराग देने वाले को 50 हजार का इनाम : एसएसपी राकेश रंजन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बच्ची का पता बताने वाले के लिए 50,000 रुपये के इनाम की घोषणा की है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
संपर्क सूत्र (Help-Line):
रांची एसएसपी: 9431706136
सिटी एसपी: 9431706137
सदर डीएसपी: 9431102090
सदर थाना प्रभारी: 9431706160
इलाके में चिंता और दहशत : कोकर इलाके में पिछले चार दिनों से दहशत का माहौल है। पुलिस अदिति के साथ खेलने वाले बच्चों से भी पूछताछ कर चुकी है। प्रशासन ने साफ किया है कि बच्ची की तलाश के साथ-साथ ठगी करने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

