कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना के बीच राजनीतिक पारा चरम पर है। शुरुआती रुझानों में तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच दिख रही कांटे की टक्कर अब एकतरफा होती नजर आ रही है। जैसे-जैसे भाजपा बहुमत के आंकड़े की ओर कदम बढ़ा रही है, पार्टी के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला है।
‘100 सीटों के नीचे सिमट जाएगी TMC’
मीडिया से बात करते हुए शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि बंगाल की जनता, विशेषकर ‘सनातनी हिंदुओं’ ने ममता बनर्जी के शासन को नकार दिया है। उन्होंने कहा “मालदा, मुर्शिदाबाद और मोथाबाड़ी जैसे क्षेत्रों में हिंदुओं पर जो अत्याचार हुए, जनता ने उसका बदला वोट से लिया है। सत्ता विरोधी लहर और ममता बनर्जी की तुष्टिकरण की राजनीति ने उन्हें खत्म कर दिया है। इस बार TMC 100 सीटों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी।”
भवानीपुर में भी सेंध का दावा
शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के गढ़ भवानीपुर को लेकर भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार मुख्यमंत्री अपने ही क्षेत्र में सुरक्षित नहीं हैं और वहां के मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने भवानीपुर के मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि बंगाल में पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
बंगाल में बदलाव की लहर?
रुझानों में भाजपा की स्थिति मजबूत होते ही कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालय में जश्न का माहौल शुरू हो गया है। समर्थकों ने मिठाइयां बांटनी शुरू कर दी हैं। जहां एक तरफ भाजपा इसे ‘अन्याय पर न्याय की जीत’ बता रही है, वहीं TMC खेमे में सन्नाटा पसरा हुआ है।

