26 C
Kolkata
Saturday, May 2, 2026

कोडरमा: स्कूल के पीछे गड्ढे में डूबने से छात्र की मौत, स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

कोडरमा । कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डेयडीह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में पढ़ने गए 10 वर्षीय छात्र की विद्यालय के पीछे खेत में बने पानी भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पाण्डेयडीह निवासी विकास साव के पुत्र विनय कुमार उर्फ सागर कुमार के रूप में हुई है, जो चौथी कक्षा का छात्र था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सागर रोज की तरह सुबह स्कूल गया था। मध्याह्न भोजन (लंच) के बाद वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक उसका पता नहीं चलने पर विद्यालय की ओर से परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए। आसपास के तालाब, कुएं और अन्य स्थानों पर खोजबीन की गई। इसी दौरान विद्यालय के पीछे खेत में सिंचाई के लिए खोदे गए गड्ढे में पानी के बीच उसका शव तैरता हुआ मिला। ग्रामीणों ने बच्चे को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश फैल गया। परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शिक्षकों की लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। परिजनों ने बताया कि विद्यालय में लगभग 162 बच्चों पर केवल चार शिक्षक हैं, जिससे निगरानी व्यवस्था कमजोर है।

मृतक के पिता ने कहा कि यदि शिक्षकों ने बच्चों पर ध्यान दिया होता तो यह हादसा टल सकता था। उन्होंने शिक्षा विभाग से स्कूलों में व्यवस्था सुधारने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। वहीं ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश देखा गया।

सूचना मिलने पर कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख