26 C
Kolkata
Saturday, May 2, 2026

भाजपा नेताओं ने पाक जलडमरूमध्य पार कर विश्व रिकॉर्ड बनाने वाले ईशांक सिंह को किया सम्मानित

ईशांक की उपलब्धि असाधारण प्रतिभा और निरंतर कठोर अभ्यास का परिणाम : आदित्य साहू

रांची । झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा क्षेत्र में शनिवार को उस समय गर्व का माहौल बन गया जब प्रदेश के नन्हे तैराक ईशांक सिंह को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शीर्ष नेताओं ने सम्मानित किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने ईशांक के आवास पर पहुंचकर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

ईशांक सिंह ने मात्र 7 वर्ष की उम्र में भारत और श्रीलंका के बीच स्थित लगभग 29 किलोमीटर लंबे पाक जलडमरूमध्य को तैरकर पार कर एक नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया है। उन्होंने यह दूरी 9 घंटे 50 मिनट में पूरी कर इतिहास रच दिया। उनकी यह उपलब्धि न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय बन गई है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि इतनी कम उम्र में समुद्र जैसी कठिन और चुनौतीपूर्ण दूरी को पार करना असाधारण साहस और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ईशांक की यह उपलब्धि यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो उम्र कभी बाधा नहीं बनती। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

उन्होंने ईशांक के माता-पिता और प्रशिक्षकों को भी इस सफलता के लिए बधाई दी और कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है। साहू ने उम्मीद जताई कि ईशांक आगे भी देश और झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

वहीं, भाजपा संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि ईशांक सिंह ने श्रीलंका के तलाइमन्नार से भारत के धनुषकोडी तक का कठिन समुद्री मार्ग पार कर अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल खेल जगत में बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी नन्हे तैराक को शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

नवीनतम लेख