पश्चिमी सिंहभूम । जिले में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गुरुवार को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। उपायुक्त मनीष कुमार के निर्देश पर उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लतरसिखा गांव में छापेमारी कर अवैध महुआ शराब बनाने के कई ठिकानों को ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर ही तीन बड़े जावा महुआ भट्टियों सहित 110 देसी शराब चुलाई की भट्टियों को तोड़ दिया। ये भट्टियां आमतौर पर मिट्टी में गाड़कर चलाई जाती हैं और ग्रामीण इलाकों में अवैध शराब निर्माण का प्रमुख जरिया होती हैं। छापेमारी में करीब 3000 लीटर तैयार महुआ शराब और भारी मात्रा में कच्चा माल बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक निर्भय सिंह और मुफ्फसिल थाना प्रभारी विनोद कुमार अपने दलबल के साथ मौजूद थे।
छापेमारी की सूचना मिलते ही अवैध कारोबार से जुड़े चार लोग मौके से फरार हो गए। उत्पाद विभाग ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि उपायुक्त के निर्देश पर इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

