नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के रोमांचक सफर में बुधवार को सनराइजर्स हैदराबाद की मुंबई इंडियंस पर 6 विकेट की धमाकेदार जीत ने सांख्यिकी तालिका (Stats Table) में बड़ा उलटफेर कर दिया है। हैदराबाद के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑरेंज कैप की रेस में शीर्ष दो स्थानों पर अब ‘ऑरेंज आर्मी’ का कब्जा हो गया है।
ऑरेंज कैप: अभिषेक शर्मा बने नंबर-1 बल्लेबाज
मैच से पहले राजस्थान रॉयल्स के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी शीर्ष पर थे, लेकिन हैदराबाद के बल्लेबाजों ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है। मुंबई के खिलाफ 24 गेंदों में 45 रनों की तूफानी पारी खेलकर अभिषेक अब 425 रनों के साथ पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। 30 गेंदों में नाबाद 65 रनों की मैच जिताऊ पारी के दम पर क्लासेन 414 रनों के साथ दूसरे नंबर पर आ गए हैं। 400 रनों के साथ अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
सूची में दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल और आरसीबी के विराट कोहली क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर बने हुए हैं, दोनों ने 350 रनों का आंकड़ा पार कर लिया है।
पर्पल कैप: ईशान मलिंगा की बादशाहत बरकरार
गेंदबाजी के मोर्चे पर मुंबई इंडियंस के कप्तान सूर्यकुमार यादव का विकेट चटकाने वाले ईशान मलिंगा का दबदबा कायम है। मलिंगा अब 15 विकेटों के साथ पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे हैं। उनके ठीक पीछे आरसीबी के भुवनेश्वर कुमार, राजस्थान के जोफ्रा आर्चर और चेन्नई के अंशुल कंबोज 14-14 विकेटों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर कड़ी चुनौती दे रहे हैं। लखनऊ के प्रिंस यादव और गुजरात के कगिसो रबाडा भी 13-13 विकेट लेकर इस रेस में बने हुए हैं।
हैदराबाद की इस जीत और खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन ने टूर्नामेंट के प्लेऑफ की रेस को और भी दिलचस्प बना दिया है।

