33 C
Kolkata
Tuesday, April 28, 2026

स्कॉर्पियो चालक की घर से बुलाकर बेरहमी से हत्या, इलाके में दहशत

गिरिडीह । नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह-आजाद नगर सीमा पर मंगलवार तड़के हुई एक हत्या की वारदात ने पूरे शहर को दहला दिया है। 35 वर्षीय स्कॉर्पियो चालक तौफीक अंसारी की पाँच अपराधियों ने मिलकर निर्मम हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

साजिश के तहत बुलाया, फिर किया हमला
मृतक के भाई रोशन अंसारी के मुताबिक, तौफीक को देर रात आरोपियों ने फोन कर किसी बहाने से बुलाया था। वह परिजनों से ‘जल्द आने’ की बात कहकर घर से निकला था। तौफीक अपने तीन साथियों के साथ बताए गए स्थान पर पहुँचा, जहाँ पहले से ही हथियारों से लैस पाँच अपराधी घात लगाए बैठे थे। हमला होता देख तौफीक के साथी अपनी जान बचाकर भाग निकले, जिसके बाद अपराधियों ने अकेले पाकर तौफीक को मौत के घाट उतार दिया।

इन पाँच युवकों पर हत्या का आरोप
परिजनों ने पचम्बा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के रहने वाले पाँच युवकों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कराया है। आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं: बंटी उर्फ टायसन, आसिफ अली. मोनू पठान, मोहम्मद अरशद, मोहम्मद साकिब

पुरानी रंजिश और आपराधिक इतिहास
पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा है। उन्होंने खुलासा किया कि मृतक तौफीक खुद भी आपराधिक छवि का था और कबरीबाद में हुई एक हत्या के मामले में हाल ही में जेल से बाहर आया था। हत्या का आरोप जिन युवकों पर लगा है, उनका भी पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

“पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। जल्द ही सभी हमलावर कानून की गिरफ्त में होंगे।”

Related Articles

नवीनतम लेख