32 C
Kolkata
Monday, April 27, 2026

टाटानगर में सनसनी: लोको पायलट की गोली मारकर हत्या, पार्किंग और जमीन विवाद से जुड़ रहे हैं तार

जमशेदपुर । टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास बागबेड़ा थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने दुस्साहस दिखाते हुए एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद से रेल कर्मियों और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

घात लगाकर अपराधियों ने किया हमला
मृतक की पहचान ज्ञानेंद्र कुमार गौतम के रूप में हुई है, जो आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां) के रहने वाले थे। सोमवार देर रात जब वे टाटानगर स्टेशन स्थित लॉबी की ओर जा रहे थे, तभी लोको रनिंग रूम के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। गोलियां ज्ञानेंद्र के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस की शुरुआती जांच और ‘बिजनेस एंगल’
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ललित मीणा और वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। शुरुआती जांच में कुछ महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। ज्ञानेंद्र रेलवे में लोको पायलट तो थे ही, साथ ही वे जमीन के कारोबार में भी काफी सक्रिय थे। बताया जा रहा है कि उनके पास रेलवे पार्किंग क्षेत्र में समतलीकरण कार्य की जिम्मेदारी भी थी। पुलिस को आशंका है कि हत्या के पीछे कोई बड़ा व्यवसायिक विवाद या आपसी रंजिश हो सकती है।

अपराधियों की तलाश जारी
पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बागबेड़ा की ओर फरार हुए हैं, जिनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

टाटानगर जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

नवीनतम लेख