30 C
Kolkata
Monday, April 27, 2026

टवेरा और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में 5 की मौत, कई घायल

नर्मदापुरम | मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आंचलखेड़ा के समीप एक टवेरा गाड़ी और अनाज से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में 5 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 से 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित महेंद्रवाड़ी और माखननगर के निवासी हैं। ये सभी लोग गांव के ही राघवेंद्र मोरप्पा की शादी में शामिल होने के लिए बुधनी गए थे। रविवार देर रात करीब 1 बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि क्रॉसिंग के दौरान टवेरा गाड़ी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के साइड से बेहद मजबूती से टकरा गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि टवेरा के परखच्चे उड़ गए। अंधेरी रात में हुई इस घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने 5 लोगों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी 5 लोग टवेरा में सवार थे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जो आज सोमवार को नर्मदापुरम में किया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या हादसा ओवरटेकिंग या चालक को नींद आने के कारण हुआ।

Related Articles

नवीनतम लेख