लखनऊ | इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मिली रोमांचक हार और टूर्नामेंट में लगातार पांचवीं शिकस्त के बाद टीम के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर अपने खिलाड़ियों, खासकर निकोलस पूरन के समर्थन में खड़े नजर आए हैं।
सुपर ओवर का वो फैसला और लैंगर की दलील
कोलकाता के खिलाफ मैच सुपर ओवर तक खिंचा, जहाँ सुनील नरेन की फिरकी का सामना करने के लिए निकोलस पूरन को भेजा गया। हालांकि, पूरन पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इस फैसले पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए लैंगर ने कहा “हमें पता था कि नरेन गेंदबाजी करेंगे। पूरन ने दुनिया में सबसे ज्यादा बार उनका सामना किया है, इसलिए वे हमारी पहली पसंद थे। भले ही वह फिलहाल फॉर्म में नहीं हैं, लेकिन बड़े खिलाड़ियों पर आपको भरोसा जताना ही पड़ता है।” कोच ने यह भी स्वीकार किया कि पूरन फिलहाल आत्मविश्वास की कमी से जूझ रहे हैं और खराब फॉर्म किसी भी बड़े खिलाड़ी के साथ हो सकती है।
पिच को समझने में हुई चूक
लैंगर ने हार का एक बड़ा कारण पिच के मिजाज को न समझ पाना बताया। उन्होंने कहा कि लखनऊ की काली मिट्टी वाली पिच उम्मीद से ज्यादा धीमी थी और गेंद काफी घूम रही थी। टीम के बल्लेबाज परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने में नाकाम रहे।
मोहसिन खान की चमक: 5 विकेट लेकर बने हीरो
हार के बीच लखनऊ के लिए सबसे बड़ी सकारात्मक बात मोहसिन खान की गेंदबाजी रही। मोहसिन ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। लैंगर ने मोहसिन की जमकर तारीफ की और कहा कि जिस लय में वह गेंदबाजी कर रहे हैं, वे जल्द ही टीम इंडिया की नीली जर्सी में नजर आ सकते हैं।
दबाव में लखनऊ सुपर जायंट्स
मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने भी अच्छा योगदान दिया, लेकिन अंतिम दो ओवरों में लुटाए गए अतिरिक्त रन टीम पर भारी पड़ गए। लगातार पांच हार के बाद अब लखनऊ के लिए प्लेऑफ की राह कठिन होती जा रही है। टीम प्रबंधन अब अगले मैचों में परिस्थितियों के साथ बेहतर तालमेल बिठाकर जीत की पटरी पर लौटने की कोशिश करेगा।

