30 C
Kolkata
Friday, April 24, 2026

पलामू से एक लाख रुपए का गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

पलामू। नशीले पदार्थ की खरीद बिक्री रोकने को लेकर चलाए जा रहे अभियान में मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने तस्करों का पीछा कर एक लाख रूपये का गांजा जब्त किया और दो तस्करों को पकड़ा है। गांजे का वजन पांच किलो है। तस्करों की पहचान शहर थाना क्षेत्र के आबादगंज के चितरंजन कुमार गुप्ता (32) और चियांकी के नंद किशोर पांडेय (50) के रूप में हुई है। दोनों को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुरुवार रात सूचना मिली थी कि शहर में गांजा की खरीद-बिक्री होने वाली है। रेड़मा चौक की ओर से हाउसिंग कॉलोनी स्थित सत्संग मंदिर इलाके में गांजा कारोबारी पहुंचने वाले थे। इस सूचना पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने सत्संग मंदिर हाउसिंग कॉलोनी के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। रात करीब साढ़े नौ बजे एक बाइक पर सवार दो व्यक्ति हाउसिंग कॉलोनी से पाटन की ओर जा रहे थे। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्धों ने बाइक घुमाकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्तियों के पास मौजूद बैग की जांच करने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। सदर एसडीपीओ ने बताया कि चितरंजन के पास से दो पैकेट में लपेटा हुआ चार किलो और नंद किशोर के पास से डेढ़ किलो गांजा मिला। इसके अतिरिक्त, उनके पास से 7200 रुपये नकद भी बरामद हुए।

पुलिस ने मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।

सदर एसडीपीओ ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मोबाइल फोन के जरिए गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की बात कह रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख