35 C
Kolkata
Friday, April 24, 2026

राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट

किशनगंज। राज्यपाल के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लिया गया।

बैठक के दौरान डीएम ने पदाधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश देते हुए कहा कि एक व्यक्ति की लापरवाही से पूरी व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध, तत्परता एवं ईमानदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि राज्य स्तर से लगातार कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है और किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा। बैठक में जनगणना के तहत सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें जीविका एवं शिक्षा विभाग से जानकारी ली गई। साथ ही राज्यपाल के साथ प्रस्तावित समीक्षा बैठक के एजेंडा एवं प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डीएम ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को डीआरडीए, समाहरणालय परिसर एवं सर्किट हाउस में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य में अन्य विभागों के सहयोग की आवश्यकता होने पर तत्काल समन्वय स्थापित कर कार्य पूरा करें। यदि सहयोग नहीं मिलता है तो वरीय अधिकारियों को अवगत कराएं। बैठक में डीडीसी प्रदीप कुमार झा, एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

नवीनतम लेख