33 C
Kolkata
Tuesday, April 21, 2026

राजमिस्त्री का गला कटा शव बरामद, पुलिस ने एक को लिया हिरासत में

अररिया। जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र के काकन पंचायत में सिकटिया वार्ड संख्या 4 निवासी 30 वर्षीय युवक मो.सबूल पिता मो.जमाल का मंगलवार को गला कटा शव मिला। टोल प्लाजा से करीब पांच सौ मीटर उत्तर स्थित एक खेत से युवक का शव बरामद किया गया।

परिजनों के अनुसार, सबूल सोमवार शाम करीब 4 बजे हटगांव स्थित एक दोस्त के घर जाने की बात कहकर बाइक लेकर निकला था। उसने अपनी पत्नी तंजीला को बताया था कि वह शाम 5 बजे तक लौट आएगा। जमीन रजिस्ट्री की बात कहकर वह घर से निकला था।मृतक सबूल ने जमीन के लिए पहले ही लगभग चार लाख रुपये दिए थे और शेष राशि की व्यवस्था करने निकला था।

घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की पत्नी तंजीला ने बताया कि रात 8 बजे आखिरी बार उसकी पति से बात हुई थी, जिसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। रात करीब 2 बजे फैटकी चौक के पास उड़ान टोली गांव के समीप सबूल की बाइक लावारिस हालत में मिली। मंगलवार को टोल प्लाजा के उत्तर इलाके में उसका शव मिला, जिसका गला रेता गया था।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सबूल के चार वर्षीय बेटे और दो वर्षीय बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।सबूल तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह हैदराबाद में मकान निर्माण का काम करता था और महज तीन दिन पहले ही घर लौटा था।

सूचना के बाद जोकीहाट थानाध्यक्ष राजीव कुमार झा मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू की और मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। वहीं शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर कई सैंपल कलेक्ट किए।

 

Related Articles

नवीनतम लेख