30 C
Kolkata
Monday, April 20, 2026

आसनसोल में भीषण सड़क हादसा: नशे में धुत जवान ने बस से सात को रौंदा, बच्ची की हालत नाजुक

आसनसोल | रेलपार इलाके में रविवार की शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब एक बेकाबू बस ने भारी तबाही मचाई। इस हृदयविदारक हादसे में एक सात वर्षीय बच्ची समेत कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस चला रहा जवान नशे की हालत में था।

चुनावी कार्यक्रम के पास हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार मलय घटक के समर्थन में आयोजित एक चुनावी सभा समाप्त हुई थी। इसी दौरान ‘पश्चिम बंगाल पुलिस’ लिखी एक तेज रफ्तार बस अचानक भीड़ की ओर अनियंत्रित होकर घुस आई।

कब्रिस्तान की दीवार तोड़ते हुए दुकानों में जा घुसी बस
बेकाबू बस ने पहले कब्रिस्तान की बाउंड्री वॉल को टक्कर मारी और उसे तोड़ते हुए आगे निकल गई। इसके बाद बस ने रास्ते में खड़े ऑटो, टोटो और कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण टक्कर में सात लोग लहूलुहान हो गए, जिन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की स्थिति अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।

भीड़ का गुस्सा और पुलिस की तैनाती
हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बस में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर भारी पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात किया गया।

मलय घटक ने लिया जायजा: घटना की सूचना मिलते ही मलय घटक मौके पर पहुंचे और नाराज लोगों को शांत कराया। उन्होंने प्रशासन से घायलों के बेहतर इलाज और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जांच के घेरे में जवान
आरोप है कि बस को सीआइएसएफ (CISF) का एक जवान चला रहा था जो नशे में था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या यह केवल एक दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण। चालक को हिरासत में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Articles

नवीनतम लेख