रांची। कांके प्रखंड के कोकोदोरो पंचायत के मुखिया उज्ज्वल पाहन अपने समर्थकों के साथ शनिवार को आजसू पार्टी में शामिल हुए। उनका स्वागत पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने अपने बुकरु स्थित आवासीय कार्यालय में किया। उनके साथ पिठौरिया क्षेत्र के दर्जनों समाजसेवी और पंचायत प्रतिनिधियों ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड में कुशासन की सरकार चल रही है। राज्य में अफसरों की मनमानी चल रही है। राज्य सरकार को आम जनता के हितों की कोई फिक्र नहीं है। ट्रेज़री से पैसों की लूट हो रही है। जेटेट परीक्षा आयोजित करने को लेकर सरकार का रवैया ढीला ढाला है। राज्यै में महिलाएं और बच्चे सुरक्षित नहीं हैं।
सुदेश ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था बदलने के लिए युवाओं को आगे आना होगा। लंबे संघर्ष के बाद झारखंड हासिल हुआ है। इसे आजसू पार्टी बर्बाद नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि युवा लगातार आजसू में शामिल हो रहे हैं।
इस अवसर पर पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, केंद्रीय सचिव मोहसिन खान, कांके प्रखंड अध्यक्ष अमन शाहदेव सहित अन्य उपस्थित थे।
वहीं पार्टी में शामिल होनेवालों में कोकोदोरो पंचायत के मुखिया उज्ज्वल पाहन, वार्ड सदस्य दीपक उरांव, लोक अधिकार पार्टी के रांची जिलाध्यक्ष अशोक राज, महासचिव सूरज गोप, विनोद मुंडा, विशाल राम, राजेंद्र लिंडा, अमित उरांव, राजू उरांव, मंतव्य मेहता, संजीत कुमार महतो समेत दर्जनों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

