पटना | पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के प्रमुख पशुपति कुमार पारस की तबीयत अचानक खराब हो गई है। उन्हें पटना के कंकड़बाग स्थित साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।
अस्पताल पहुंचे भतीजे चिराग, गले लगकर जाना हाल
चाचा की बीमारी की खबर मिलते ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तुरंत पटना पहुंचे और सीधे अस्पताल गए। राजनीतिक मतभेदों को किनारे रख चिराग अपने चाचा से गले मिले और काफी भावुक नजर आए। उन्होंने डॉक्टरों से चर्चा कर बेहतर इलाज के निर्देश भी दिए।
“राजनीति अपनी जगह, रिश्ता अपनी जगह”
मुलाकात के बाद चिराग पासवान ने मीडिया से बात करते हुए कहा “वे मेरे पिता समान हैं। राजनीति अपनी जगह है, लेकिन आज मैं यहां एक नेता के तौर पर नहीं, बल्कि एक बेटे के नाते आया हूं। परिवार की एकजुटता और उनका स्वास्थ्य मेरे लिए सर्वोपरि है।”
सोशल मीडिया पर साझा किया भावुक संदेश
चिराग ने इस मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने अपने अभिभावक के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। पारस फिलहाल ICU में हैं, लेकिन उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

