36 C
Kolkata
Sunday, April 12, 2026

क्रिकेट में करियर बनाने के नाम पर ‘करोड़’ की ठगी, BCCI का फर्जी लेटर देने वाला जालसाज गिरफ्तार

दुमका । झारखंड की उपराजधानी दुमका में क्रिकेट के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंडर-19 भारतीय टीम और रणजी ट्रॉफी में चयन दिलाने का झांसा देकर एक शिक्षक से एक करोड़ रुपये हड़पने वाले आरोपी किसलय पल्लव को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। विडंबना यह है कि इंसाफ मिलने से पहले ही ठगी के शिकार हुए शिक्षक की बीमारी से मौत हो गई।

50 लाख नकद और 50 लाख ऑनलाइन की ठगी
यह पूरा मामला 12 अक्टूबर 2025 को तब सामने आया, जब सरकारी स्कूल के शिक्षक बुलबुल कुमार ने दुमका नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। आवेदन के अनुसार, बख्शी बांध निवासी किसलय पल्लव ने उनके बेटे आशुतोष आनंद को टीम इंडिया के अंडर-19 और रणजी में शामिल कराने का वादा किया था।

इस सौदेबाजी में शिक्षक ने किस्तों में कुल एक करोड़ रुपये दिए, जिसमें से 50 लाख नकद और 50 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए चुकाए गए थे।

BCCI का फर्जी लोगो और जाली लेटर
रुपये ऐंठने के बाद आरोपी ने ठगी को पुख्ता करने के लिए बीसीसीआई (BCCI) के जॉइंट डायरेक्टर के नाम से एक फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपा। इस पत्र पर बीसीसीआई का लोगो भी लगा था, जिसमें आशुतोष के चयन की पुष्टि की गई थी। हालांकि, जब परिवार ने इस पत्र की वास्तविकता जांची, तो पता चला कि वह पूरी तरह नकली था और टीम में उनके बेटे का कोई नाम नहीं था।

6 माह बाद मिली कामयाबी, शिकायतकर्ता की हो चुकी है मौत
पुलिस ने केस संख्या 185/25 दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की। करीब छह महीने की मशक्कत के बाद रविवार को पुलिस ने आरोपी किसलय पल्लव को दबोच लिया। दुखद पहलू यह है कि केस दर्ज कराने वाले शिक्षक बुलबुल कुमार इस बीच लंबी बीमारी के कारण दुनिया छोड़ गए, लेकिन पुलिस ने जांच जारी रखी।

मामले की जानकारी देते हुए दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया “क्रिकेट टीम में सिलेक्शन के नाम पर भारी-भरकम ठगी करने वाले आरोपी किसलय पल्लव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस गिरोह के अन्य पहलुओं और संभावित साथियों की भी जांच कर रही है।”

प्रशासन ने युवाओं और अभिभावकों से अपील की है कि खेल में चयन की किसी भी प्रक्रिया के लिए आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें और ऐसे जालसाजों के झांसे में न आएं।

Related Articles

नवीनतम लेख