36 C
Kolkata
Sunday, April 12, 2026

पुलिस और अपराधियों के बीच भीषण मुठभेड़, कुख्यात राहुल दुबे गैंग का सनी सिंह ढेर होते-होते बचा

रामगढ़ । झारखंड के रामगढ़ जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पतरातू-भुरकुंडा क्षेत्र में सोमवार को रामगढ़ पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है।

गुप्त सूचना पर SIT की कार्रवाई
रामगढ़ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गैंग का गुर्गा सनी सिंह भुरकुंडा इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। इस इनपुट के बाद गठित एसआईटी (SIT) ने इलाके की घेराबंदी शुरू की।

जैसे ही पुलिस टीम भुरकुंडा स्थित दुमुहाना मंदिर के पास पहुँची, वहां मौजूद संदिग्ध सनी सिंह ने पुलिस की गाड़ी देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। इस जानलेवा हमले में थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए।

जवाबी फायरिंग में लगा निशाना
आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली सनी सिंह के दाहिने पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए सीसीएल अस्पताल, भुरकुंडा भेजा, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।

मौके से बरामदगी: 02 देसी पिस्तौल, 01 मोबाइल फोन, 01 लेदर बैग

एसपी खुद पहुँचे मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए रामगढ़ पुलिस अधीक्षक (SP) अजय कुमार खुद मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जिले में राहुल दुबे गिरोह और अन्य अपराधी संगठनों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

“अपराधियों के खिलाफ हमारा अभियान लगातार जारी है। कल ही पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के सात गुर्गों को हथियारों के साथ दबोचा था और आज मुठभेड़ में एक और सक्रिय सदस्य पकड़ा गया है।”
— अजय कुमार, एसपी, रामगढ़

इस एनकाउंटर के बाद से पूरे पतरातू और भुरकुंडा इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस अब सनी सिंह से पूछताछ कर गिरोह के अन्य ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।

 

Related Articles

नवीनतम लेख