39 C
Kolkata
Tuesday, June 16, 2026

नवनीत कौर की हैट्रिक से भारत की दमदार जीत, वेल्स को 4–1 से हरा सेमीफाइनल में पहुंची टीम

सेमीफाइनल में इटली से होगा मुकाबला

हैदराबाद । भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूल-बी के मुकाबले में वेल्स को 4–1 से हराकर जीत दर्ज की। यह मैच हॉकी वर्ल्ड कप क्वालीफायर 2026 के तहत हैदराबाद के जी.एम.सी. बालयोगी हॉकी ग्राउंड (गाचीबौली हॉकी कॉम्प्लेक्स) में खेला गया। इस जीत के साथ भारत ने पूल में शीर्ष स्थान हासिल किया और अब सेमीफाइनल में इटली से 13 मार्च को भिड़ेगा।

भारत की जीत की नायिका नवनीत कौर रहीं, जिन्होंने 29वें, 34वें और 55वें मिनट में तीन गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। टीम के लिए पहला गोल 7वें मिनट में साक्षी राणा ने किया।

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम तेज गति और आक्रामक खेल के साथ मैदान पर उतरी। सातवें मिनट में सलीमा टेटे ने दाएं फ्लैंक से शानदार मूव बनाया, जिस पर साक्षी राणा ने सर्कल के किनारे से जोरदार रिवर्स हिट लगाकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय टीम ने लगातार दबाव बनाए रखा, हालांकि वेल्स की गोलकीपर ने कुछ मौकों पर शानदार बचाव किया।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने अपने आक्रमण को और तेज किया। 29वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत कौर ने सटीक शॉट लगाकर स्कोर 2–0 कर दिया। पहले हाफ में भारत ने लगभग 55 प्रतिशत गेंद पर कब्जा बनाए रखते हुए 15 सर्कल एंट्री कीं और खेल पर पूरी तरह नियंत्रण रखा।

तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा। 34वें मिनट में साक्षी राणा के शानदार रन के बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर को नवनीत कौर ने गोल में बदलते हुए अपना दूसरा गोल किया और स्कोर 3–0 कर दिया। हालांकि 39वें मिनट में वेल्स की बेटसन थॉमस ने सर्कल में मिले मौके का फायदा उठाकर गोल दागा और अंतर 3–1 कर दिया।

अंतिम क्वार्टर में वेल्स को 50वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन कप्तान एलिजाबेथ बिंघम का शॉट लक्ष्य से चूक गया। इसके बाद 55वें मिनट में नवनीत कौर ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की और भारत की 4–1 की शानदार जीत सुनिश्चित कर दी।

अब भारतीय टीम का सामना सेमीफाइनल में इटली से होगा, जहां जीत दर्ज कर वह फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख