29.9 C
Kolkata
Tuesday, June 16, 2026

खेत में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस

पलामू । पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब अलीनगर गांव के एक खेत में एक युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान बेल बिगहा पंचायत के पोखरापर निवासी संजय पासवान के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और परिजनों में कोहराम मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार संजय पासवान अलीनगर स्थित अपने ननिहाल में रह रहा था। मंगलवार को ग्रामीणों ने अलीनगर गांव के एक खेत में उसका शव पड़ा देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही हुसैनाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। बताया जाता है कि संजय पासवान अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक का शव खेत में मिलने से कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

नवीनतम लेख