इंडियन वेल्स। दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन अमेरिका की कोको गॉफ को इंडियन वेल्स ओपन 2026 के तीसरे दौर के मुकाबले में चोट के कारण मैच बीच में छोड़ना पड़ा। रविवार को खेले गए मैच में गॉफ फिलीपींस की खिलाड़ी एलेक्जेंड्रा एला के खिलाफ खेल रही थीं, लेकिन बाएं हाथ में तेज दर्द के कारण वह मुकाबला जारी नहीं रख सकीं।
21 वर्षीय गॉफ उस समय 2-6, 0-2 से पीछे चल रही थीं। अंतिम गेम से पहले उन्होंने मेडिकल टाइमआउट लिया और फिर मैच से हटने का फैसला किया। नेट पर गॉफ ने एला से माफी मांगते हुए कहा, “मुझे माफ करना, तुम बहुत अच्छा खेल रही थीं। मैच के बाद गॉफ ने बताया कि उनके बाएं हाथ में अचानक बेहद तेज दर्द शुरू हो गया था। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा था जैसे हाथ के अंदर पटाखा फट रहा हो और पूरा हाथ जल रहा हो।
गॉफ ने कहा, “ऐसा लग रहा था जैसे मेरे हाथ के अंदर आतिशबाजी हो रही हो और पूरा हाथ आग की तरह जलने लगा। डॉक्टरों का मानना है कि यह शायद नसों से जुड़ी समस्या हो सकती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने करियर में पहले कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं किया था और यह अनुभव उनके लिए काफी डरावना था। गॉफ के करियर में यह केवल दूसरी बार है जब उन्हें मैच बीच में छोड़ना पड़ा। इससे पहले उन्होंने 2022 में सिनसिनाटी ओपन के दौरान एक मुकाबले से रिटायरमेंट लिया था।
गॉफ हाल ही में शानदार फॉर्म में थीं। तीन हफ्ते पहले उन्होंने दुबई में खेले गए टूर्नामेंट के क्वार्टरफाइनल में एला को 6-0, 6-2 से हराया था। इस वजह से कैलिफोर्निया में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में उन्हें खिताब के प्रबल दावेदारों में माना जा रहा था। गॉफ के रिटायरमेंट के बाद 20 वर्षीय एला सीधे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं। अब उनका सामना चेक गणराज्य की खिलाड़ी लिंडा नोस्कोवा से होगा।
मैच के बाद एला ने कहा कि इस तरह जीतना आसान नहीं होता। उन्होंने कहा, “किसी भी खिलाड़ी के लिए मैच से रिटायर होना कठिन फैसला होता है। कोई भी खिलाड़ी इस तरह जीतना या हारना नहीं चाहता। फिर भी मैं अपने प्रदर्शन से खुश हूं और उम्मीद है कि इस लय को आगे भी बरकरार रखूंगी। गॉफ ने बताया कि वह सोमवार को एमआरआई स्कैन कराएंगी ताकि चोट की सही स्थिति का पता लगाया जा सके। हालांकि डॉक्टरों का मानना है कि यह लंबे समय की समस्या नहीं है और वह जल्द ही अगले टूर्नामेंट में वापसी कर सकती हैं।


