29 C
Kolkata
Thursday, April 16, 2026

दुबई एयरपोर्ट के पास धमाका, पीवी सिंधु को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया

नई दिल्ली । भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु को दुबई एयरपोर्ट के पास हुए धमाके के बाद सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया है। वह अपनी टीम के साथ एयरपोर्ट पर फंसी हुई थीं, जहां अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण उड़ान संचालन अनिश्चितकाल के लिए निलंबित कर दिया गया था।

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन खेलने के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन हालात बिगड़ने के कारण उन्हें दुबई में रुकना पड़ा। एयरस्पेस बंद होने से कई उड़ानें प्रभावित हुईं और यात्री एयरपोर्ट पर ही इंतजार करने को मजबूर हो गए।

सिंधु ने सोशल मीडिया पर बताया, “स्थिति हर घंटे और भयावह होती जा रही है। कुछ घंटे पहले एयरपोर्ट पर जहां हम ठहरे हुए थे, उसके पास जोरदार धमाका हुआ। मेरे कोच को धुएं और मलबे के सबसे करीब होने के कारण तुरंत वहां से भागना पड़ा। वह हम सभी के लिए बेहद तनावपूर्ण और डरावना पल था।”

उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल सभी सुरक्षित हैं और दुबई एयरपोर्ट स्टाफ व स्थानीय प्रशासन की मदद से उन्हें अधिक सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। सिंधु ने दुबई में स्थित भारतीय उच्चायोग का भी विशेष रूप से आभार जताया, जिसने लगातार संपर्क में रहकर सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि अब वे हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव के चलते खाड़ी देशों के एयरस्पेस को बंद कर दिया गया है। इससे एमिरेट्स और एयर इंडिया सहित कई एयरलाइंस की उड़ानें प्रभावित हुई हैं। अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं।इजरायल के साथ-साथ बहरीन, कुवैत और कतर में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाए जाने से पूरे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख