रांची। झारखंड के सभी 48 नगर निकायों के लिए मतदान सोमवार को छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण रहा। सुबह सात बजे से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं। राज्य निर्वाचन आयुक्त अलका तिवारी ने जानकारी दी कि राज्य के 48 शहरी स्थानीय निकायों में शाम पांच बजे तक कुल 62 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि सबसे कम रांची में मतदान का प्रतिशत रहा।
उन्होंने कहा कि राज्य के शहरी स्थानीय निकायों में सबसे कम मतदान रांची में हुआ है। रांची में सिर्फ 43.35 प्रतिशत मतदान हुआ है। उल्लेैखनीय है कि राज्य में मेयर और अध्यक्ष पद के लिए कुल 562 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। 5562 प्रत्याशी वार्ड पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं।
वहीं सभी 6124 प्रत्याशियों का राजनीतिक भविष्य शाम पांच बजे 8608 मतपेटियों में कैद हो गया। इस बार राज्य के नौ नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायतों में चुनाव कराए गए हैं। इसमें मेयर और अध्यक्ष के 48 पद और वार्ड पार्षदों के 1042 पदों के लिए वोट डाले गये हैं। वहीं इनमें 41 वार्ड पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। पुरुष मतदाताओं की संख्या 22 लाख 11 हजार 781, महिला मतदाताओं की संख्या 21 लाख 31 हजार 370 और थर्ड जेंडर वर्ग से 144 मतदाता हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पलामू जिले के मेदनीनगर नगर निगम में 57.41 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार विश्रामपुर नगर परिषद में 66.67, हुसैनाबाद नगर पंचायत में 59.86, हरिहरगंज नगर पंचायत में 64.99 प्रतिशत और छत्ततरपुर नगर पंचायत में 65.81 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं गढ़वा जिले के गढ़वा नगर परिषद में 63.32, श्रीबंशीधरनगर नगर पंचायत में 63.07, मझिआंव नगर पंचायत 62.80, लातेहार जिले के लातेहार नगर पंचयात में 66.12, चतरा जिले के चतरा नगर परिषद में 68.88 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसी प्रकार हजारीबाग जिले के हजारीबाग नगर निगम में 49.95, झुमरीतिलैया नगर परिषद में 58.82 प्रतिशत वोटिंग हुई। कोडरमा जिले के कोडरमा नगर पंचायत में 56.89, डोमचांच नगर पंचायत में 54.16, गिरिडीह जिले के गिरिडीह नगर निगम में 59.29, बड़कीसरैया नगर पंचायत में 63.74 और धनवार नगर पंचायत 65.22 प्रतिशत मतदान हुआ।
देवघर जिले के देवघर नगर निगम में 52.92, मधुपुर नगर परिषद में 67.50, गोड्डा जिले के गोड्डा नगर परिषद में 64.13 और महागामा पंचायत में 70.45 प्रतिशत वोटिंग हुई। साहेबगंज जिले के साहेबगंज नगर परिषद में 57.58, ताजमहल नगर पंचयात में 67.85, बरहरवा नगर पंचायत में 73.58 , पाकुड़ जिले के पाकुड़ नगर परिषद में 66.30 प्रतिशत मतदान हुआ।
दुमका जिले के दुमका नगर परिषद में 60.47, बासुकीनाथ नगर पंचयात में 74.10, जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर परिषद में 60.41 और जामताड़ा नगर पंचायत में 64.78 प्रतिशत वोटिंग हुई। वहीं धनबाद जिले के धनबाद नगर निगम में 46.98, चिरकुंडा नगर परिषद में 60.09, बोकारो जिले के चास नगर निगम में 49.76, फुसरो नगर परिषद में 58.37 प्रतिशत मतदान हुआ।
रामगढ़ जिले के रामगढ़ नगर परिषद में 65.63, लोहरदगा जिले के लोहरदगा नगर परिषद में 69.01, गुमला जिले के गुमला नगर परिषद में 59.79 और खूंटी जिले के खूंटी नगर पंचायत में 64.02 प्रतिशत मतदान हुआ। रांची जिले के रांची नगर निगम 43.35 और बुंडू नगर पंचायत में 74.10 प्रतिशत वोटिंग हुई। सिमडेगा जिले के सिमडेगा नगर परिषद में 67.83, पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर नगर परिषद में 57.95, चाईबासा नगर परिषद में 61.72, सरायकेला-खरसांवा जिले के आदित्यपुर नगर निगम में 54.96, कपाली नगर परिषद में 57.29, सरायकेला नगर पंचायत में 74.86 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो नगर निगम में 50.70, जुगसलाई नगर परिषद में 59.60 और चाकुलिया नगर पंचायत में 72.90 प्रतिशत वोटिंग हुई।


