27 C
Kolkata
Saturday, April 11, 2026

हत्या के आरोपित की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम

पूर्वी सिंहभूम। गोलमुरी थाना क्षेत्र में कन्हैया यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के बाद शहर का माहौल गुरुवार को तनावपूर्ण हो गया। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने गोलमुरी- टिनप्लेट मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में लोग गोलमुरी मुख्य मार्ग पर जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने रास्ता अवरुद्ध कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आम राहगीरों और कार्यालय जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा।

परिजनों का गुस्सा मुख्य आरोपित बिल्ला पाठक के खिलाफ साफ नजर आया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मांग की कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए। आक्रोशित परिजनों ने चेतावनी दी कि जब तक पुलिस ठोस कदम नहीं उठाती, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही बरतने और अपराधियों पर अंकुश लगाने में विफल रहने का आरोप भी लगाया।

सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई, हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह गोलमुरी थाना के समीप ही अपराधियों ने कन्हैया यादव को गोली मार दी थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

Related Articles

नवीनतम लेख