31 C
Kolkata
Thursday, March 19, 2026

सड़क हादसे में खलासी मंटू यादव की मौत

जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत लेबर ब्यूरो गोलचक्कर के पास सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पैदल जा रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय मंटू यादव के रूप में हुई है, जो साइजर इंटरप्राइजेज कंपनी में खलासी के पद पर कार्यरत था। वह मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर जिले का रहने वाला था और वर्तमान में जमशेदपुर में रहकर काम कर रहा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे मंटू यादव गाड़ी से सामान लेकर टेल्को पहुंचे थे। वाहन खड़ा करने के बाद वह टाटा मोटर्स कंपनी के गेट नंबर एक से पैदल लेबर ब्यूरो गोलचक्कर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि वाहन का पहिया मंटू यादव के सिर पर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर टाटा मोटर्स अस्पताल के शीतगृह में सुरक्षित रखवाया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बताया कि मंटू यादव के साथ काम करने वाले वाहन चालक ने उनकी पहचान की पुष्टि की है। फिलहाल मृतक के परिवार से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है और कंपनी के माध्यम से परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद मृतक के सहकर्मी और परिचित अस्पताल व थाना पहुंचे, जहां शोक का माहौल बना रहा।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपी चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles