नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने रविवार को राष्ट्रपति भवन स्थित अमृत उद्यान के शीतकालीन वार्षिक संस्करण 2026 का उद्घाटन किया। अमृत उद्यान आम जनता के लिए 3 फरवरी से 31 मार्च तक खुला रहेगा। उद्यान में सप्ताह में छह दिन मंगलवार से रविवार तक, पूर्वाह्न 10 बजे से सायं 6 बजे तक (अंतिम प्रवेश सायं 5 बजे) भ्रमण किया जा सकेगा। रखरखाव कार्य के कारण प्रत्येक सोमवार को उद्यान बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त 4 मार्च को होली पर्व के कारण भी उद्यान बंद रहेगा। विशेष वर्गों के लिएः अमृत उद्यान 3 मार्च को रक्षा कर्मियों के लिए, 5 मार्च को वरिष्ठ नागरिकों के लिए, 10 मार्च को महिलाओं एवं जनजातीय महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों के लिए तथा 13 मार्च को दिव्यांगजनों के लिए खोला जाएगा।
विज़िटर के अनुभव को बेहतर बनाने के मकसद से इस साल मौके पर बुकिंग की सुविधा नहीं मिलेगी। विज़िटर सिर्फ़ ऑनलाइन तरीके से टिकट बुक कर सकते हैं। इसलिए, विज़िटर को सलाह दी जाती है कि वे अपने स्लॉट पहले से ऑनलाइन बुक कर लें। उन्हें टिकट पर बताए गए टाइमलाइन और दूसरे निर्देशों के पालन की भी सलाह दी जाती है। किसी खास दिन के लिए बुकिंग पिछले दिन सुबह 10.00 बजे बंद हो जाएगी। अमृत उद्यान में प्रवेश निःशुल्क है किंतु प्रवेश अनुमति केवल ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी। इस साल मौके पर पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। इसलिए, आगुंतकों को सलाह दी जाती है कि वे राष्ट्रपति भवन की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकर कर अपने स्लॉट पहले से बुक कर लें। किसी भी दिन के लिए पंजीकरण पिछले दिन पूर्वाह्न 10 बजे बंद कर दिया जाएगा।
सभी आगंतुकों के लिए प्रवेश एवं निकास राष्ट्रपति भवन परिसर के द्वार संख्या 35 से होगा, जो नॉर्थ एवेन्यू के समीप स्थित है। आगंतुकों की सुविधा के लिए केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से द्वार संख्या 35 तक शटल बस सेवा प्रत्येक 30 मिनट में उपलब्ध रहेगी। यह सेवा पूर्वाह्न 9.30 बजे से सायं 6 बजे तक संचालित होगी। अंतिम शटल बस सायं 4 बजे प्रस्थान करेगी। आगंतुकों के लिए निर्धारित भ्रमण मार्ग बाल वाटिका, प्लूमेरिया गार्डन, बरगद गार्डन, बोन्साई गार्डन, कलकल करती जलधारा, केंद्रीय लॉन, लॉन्ग गार्डन तथा सर्कुलर गार्डन से होकर गुजरेगा। इस वर्ष आगंतुक विभिन्न प्रजातियों के ट्यूलिप और गुलाबों के साथ-साथ झरनों की जलधारा तथा रिफ्लेक्सोलॉजी पाथ से सुसज्जित बरगद गार्डन का भी अवलोकन कर सकेंगे।
आगंतुक अपने साथ मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक चाबियां, पर्स अथवा हैंडबैग, पेयजल की बोतलें तथा शिशुओं के लिए दूध की बोतलें ले जा सकते हैं। सार्वजनिक मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर पेयजल, शौचालय तथा प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अमृत उद्यान के अतिरिक्त नागरिक राष्ट्रपति भवन तथा राष्ट्रपति भवन संग्रहालय का भी मंगलवार से रविवार तक भ्रमण कर सकते हैं। साथ ही, प्रत्येक शनिवार को राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में आयोजित होने वाले चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी को भी देख सकते हैं।


