रांची । रांची विश्वविद्यालय से जुड़े झारखंड छात्र मोर्चा के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को लोक भवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार से लंबित छात्रवृत्ति की राशि शीघ्र जारी कराने की मांग रखी।छात्र प्रतिनिधियों ने बताया कि छात्रवृत्ति की बड़ी रकम अब तक केंद्र स्तर पर अटकी हुई है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्र पढ़ाई का खर्च उठाने में असमर्थ हो रहे हैं और उनकी शिक्षा प्रभावित हो रही है। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि जल्द राशि जारी नहीं हुई तो छात्रों की पढ़ाई बीच में छूटने की आशंका है। इस मुद्दे पर राज्यपाल से हस्तक्षेप कर केंद्र सरकार से बकाया राशि जारी कराने की अपील की गई।


