29.3 C
Kolkata
Monday, June 15, 2026

छत काटकर दुकान से 85 हजार नकद की चोरी

पूर्वी सिंहभूम । मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह चौक स्थित एक गल्ला दुकान में बुधवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। चोरों ने दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 85 हजार रुपये नकद समेत हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार पारडीह चौक स्थित “मामा स्टोर” नामक दुकान के संचालक महेश सिंह रोज की तरह बुधवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। दुकान में दूध, दही और अन्य कच्चे सामान के सप्लायरों को सुबह भुगतान करने के लिए उन्होंने बिक्री की नकदी दुकान में ही रखी थी।

गुरुवार सुबह करीब 6 बजे जब महेश सिंह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। ऊपर नजर जाने पर पता चला कि चोरों ने एसबेस्टस की छत काटकर दुकान में प्रवेश किया था। जांच करने पर बैग में रखे करीब 85 हजार रुपये नकद और लगभग 10 हजार रुपये मूल्य के सामान गायब मिले।

घटना की सूचना मिलने पर पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदार से पूरी जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मानगो थाना पहुंचकर मामले की शिकायत करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की।

Related Articles

नवीनतम लेख