रांची। झारखंड सरकार ने प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 36 भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने शनिवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इसके साथ ही राज्य सरकार ने शनिवार को राज्य प्रशासनिक सेवा के भी 66 अधिकारियों का स्थानांतरण किया है।
छवि रंजन खेल निदेशक और पशुपति नाथ मिश्रा गढ़वा के नए डीसी
जारी अधिसूचना के अनुसार, छवि रंजन को खेलकूद विभाग का नया निदेशक बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यकारी निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, पशुपति नाथ मिश्रा को गढ़वा जिले का नया उपायुक्त (डीसी) नियुक्त किया गया है। पदस्थापन के लिए प्रतीक्षारत जिशान कमर को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का विशेष सचिव बनाया गया है, जबकि पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन को सुवर्णरेखा परियोजना के प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार मिला है।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा को मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सुनील कुमार सिंह को सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग का विशेष सचिव और वित्त विभाग के विशेष सचिव विजय कुमार गुप्ता को उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल (हजारीबाग) का प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त बनाया गया है। फैज अक अहमद को राजस्व निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग का अपर सचिव तथा भोर सिंह यादव को वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग का अपर सचिव नियुक्त किया गया है।
कई विभागों में सौंपे गए अतिरिक्त प्रभार
झारखंड औद्योगिक आधारभूत संरचना विकास निगम (रांची) के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन को अन्वेषण एवं खनन निगम लिमिटेड (जेईएमसीएल) के एमडी का अतिरिक्त प्रभार मिला है। सत्येन्द्र कुमार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का अपर सचिव और उद्यान निदेशक माधवी मिश्रा को सूचना प्रौद्योगिकी का निदेशक बनाया गया है। माधवी मिश्रा के पास अटल बिहारी वाजपेयी इनोवेशन लैब के मुख्य कार्यपालक और झारखंड स्पेस एप्लीकेशन के डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इसके अलावा अनन्य मित्तल को झारखंड राज्य आजीविका संवर्धन सोसाइटी का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
देवघर और खूंटी के भी बदले उपायुक्त
अधिसूचना के अनुसार, जावेद हुसैन को खूंटी का नया उपायुक्त और सौरभ कुमार भुवानिया को देवघर का नया उपायुक्त बनाया गया है। जाधव विजया नारायण राव को महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग का अपर सचिव, आर रॉनिटा को जल संसाधन विभाग का अपर सचिव, नमन प्रियेश लकड़ा को पर्यटन निदेशक और अंजलि यादव को झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पार्षद का परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। अंजलि यादव को उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
