जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित एनटीटीएफ (आर.डी. टाटा तकनीकी शिक्षा केंद्र) और टाटा स्टील फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नए बैच के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 10 दिवसीय ‘रोप-इन’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हुआ। समापन समारोह में विद्यार्थियों ने योग, समूह पीटी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
टीम भावना और समय का सम्मान सफलता का मूलमंत्र
समारोह का शुभारंभ टाटा स्टील फाउंडेशन के ब्रिज किशोर सिंह, एनटीटीएफ की प्राचार्य प्रीता जॉन और उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से अतिथियों का अभिनंदन किया।
उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने स्वागत भाषण में कहा कि ‘रोप-इन’ कार्यक्रम का उद्देश्य केवल नए विद्यार्थियों को संस्थान से परिचित कराना नहीं, बल्कि उनमें अनुशासन, समय प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता, संचार कौशल, सकारात्मक सोच और टीम भावना का विकास करना भी है। उन्होंने बताया कि दस दिनों तक चले प्रशिक्षण में योग, शारीरिक प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास, टीम निर्माण, स्मरण तकनीक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।
मुख्य अतिथि ब्रिज किशोर सिंह ने कहा कि टीम भावना और समय की पाबंदी ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर सीखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्राचार्य प्रीता जॉन ने कहा कि एनटीटीएफ का उद्देश्य उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कुशल, अनुशासित और जिम्मेदार तकनीशियन तैयार करना है।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ दैनिक डायरी के लिए बैच-1 से रीमा कर्मकार और बैच-2 से आर्या श्रीवास्तव को सम्मान मिला। कोलाज प्रतियोगिता में बैच-1 से राज नंदिनी और सपना सिंह तथा बैच-2 से अवनीत संधू विजेता रहे। सर्वश्रेष्ठ योग का पुरस्कार राज नंदिनी, सर्वश्रेष्ठ व्यायाम का पुरस्कार प्रिंस तिवारी, जबकि सर्वश्रेष्ठ अनुशासन के लिए बालक वर्ग में करणदीप सिंह और बालिका वर्ग में साई पद्मा नंदा को सम्मानित किया गया।
समारोह के अंत में उप-प्राचार्य पल्लवी चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में मृण्मय कुमार महतो, ज्योति कुमार ठाकुर सहित संस्थान के सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#झारखंड, #जमशेदपुर, #शिक्षा
