जमशेदपुर । बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के चर्चित डी.डी. बार के बाहर हुए हिमांशु हत्याकांड की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपित राहुल दुबे की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चापड़ बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस बरामदगी से मामले की जांच को और मजबूती मिलेगी। बरामद हथियार को अब फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
एसआईटी की जांच में मिली सफलता
शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि बिष्टुपुर थाना कांड संख्या-84/2026 के तहत 27 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे डी.डी. बार के पास हिमांशु पर धारदार हथियार से हमला किया गया था, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, तकनीकी साक्ष्य, मानवीय आसूचना और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच और छापेमारी अभियान चलाया। अब तक प्राथमिकी और अप्राथमिकी के कुल 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही थी।
राहुल दुबे का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस के अनुसार बढ़ते दबाव के बीच मुख्य आरोपित राहुल दुबे ने आत्मसमर्पण किया, जिसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक जांच के बाद मामले में वैज्ञानिक साक्ष्य और मजबूत होंगे।
गिरफ्तार राहुल दुबे (30) कदमा के शास्त्रीनगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
सिटी एसपी ने बताया कि इस चर्चित हत्याकांड में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का अभियान लगातार जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले में आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा। पूरे अभियान का नेतृत्व सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में बिष्टुपुर थाना, तकनीकी शाखा और विशेष छापामारी दल ने संयुक्त रूप से किया।
