36.4 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

स्वर्ण व्यवसायी विक्की सोनी हत्याकांड का खुलासा, जीजा समेत दो आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग। बरही थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए चर्चित स्वर्ण व्यवसायी विक्की सोनी हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में मृतक के जीजा विक्रम कुमार को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ दिलीप कुमार को भी गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कार का टायर बदलने के दौरान हुई थी हत्या

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात हजारीबाग रोड स्थित करसो पुल के पास विक्की सोनी अपने मित्र अभिषेक कुमार के साथ कोडरमा रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार पंचर हो गई। जब दोनों सड़क किनारे टायर बदल रहे थे, तभी अपराधियों ने विक्की सोनी को गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जीजा निकला हत्या का मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी विक्रम कुमार मृतक का जीजा है। पूछताछ के दौरान उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद को हत्या का कारण माना जा रहा है।

अन्य आपराधिक घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार

पुलिस ने मामले में दिलीप कुमार को भी गिरफ्तार किया है, जो मृतक का मित्र बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने पूछताछ में इस हत्या के अलावा हजारीबाग और आसपास के जिलों में हुई कई लूट, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों के बयान के आधार पर पुलिस अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख